आदमी को आदमी से प्यार होना चाहिए...
छोटी छोटी बातों पर विचार होना चाहिए,
आदमी को आदमी से प्यार होना चाहिए …
ये झूठी बातों से अवाम को लड़ाते हैं ,
वोट लूटते हैं और दीपक जलाते हैं
ऐसे लोगों से होशियार रहना चाहिए
आदमी को आदमी से प्यार होना चाहिए …
रोटी है ना कपड़ा है , मकान है ना काम है ,
डाकू बने राजा और आदमी गुलाम है
सच जानने का अधिकार होना चाहिए
आदमी को आदमी से प्यार होना चाहिए
खेत खलिहान का अजीब हालचाल है
चारों ओर फैला परेशानियों का जाल है
साजिशों का जाल तार तार होना चाहिए
आदमी को आदमी से प्यार होना चाहिए
बेटियों का पूरा अधिकार होना चाहिए
आदमी को आदमी से प्यार होना चाहिए
हाथों में हाथ डाल लेके मशाल है
आँधियों में रौशनी बचने का सवाल है
एक दूसरे पे एतबार होना चाहिए
आदमी को आदमी से प्यार होना चाहिए
